Faridabad/Alive News: सर्जरी के क्षेत्र में रोबोटिक तकनीक के इस्तेमाल से इलाज के तरीकों में हो रहे बदलावों की जानकारी देने के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) फरीदाबाद की वार्षिक जनरल बॉडी मीटिंग में विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। शनिवार को निजी होटल में आयोजित बैठक में फोर्टिस अस्पताल के डॉ. बीडी पाठक और डॉ. अनूप गुलाटी ने रोबोटिक सर्जरी की आधुनिक तकनीकों और उनकी भूमिका के बारे में बताया। बैठक में संगठन की गतिविधियों, वित्तीय विवरण और आगामी कार्यकारिणी चुनाव को लेकर भी चर्चा की गई।
डॉ. अनुज ढींगरा ने पिछली गवर्निंग बॉडी मीटिंग का ब्योरा प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने मंजूरी दी। वहीं, खजांची डॉ. आशीष गुप्ता ने संगठन के आय-व्यय का विवरण रखा, जिसे पारित कर दिया गया। अगले दो वर्षों के लिए कार्यकारिणी चुनाव कराने पर भी निर्णय लिया गया।
आईएमए के नाम के कथित गलत इस्तेमाल पर नोटिस
बैठक में आईएमए के नाम का कथित रूप से गलत इस्तेमाल करने वाले कुछ सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा दिसंबर के अंत में संगठन का पारिवारिक समारोह आयोजित करने पर सहमति बनी।
बैठक के दौरान हाइड्रोक्स प्रतियोगिताओं में उपलब्धि हासिल करने वाली फरीदाबाद की महिला डॉक्टर डॉ. वंदना बब्बर और डॉ. रीमा कपूर को भी सम्मानित किया गया। दोनों ने दिल्ली और मुंबई में आयोजित प्रतियोगिताओं में जीत हासिल की है और अब उनका चयन हांगकांग में होने वाली प्रतियोगिता के लिए हुआ है। बैठक में करीब 200 सदस्य शामिल हुए। अंत में डॉ. राजीव कुमार गुंबर ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

