Faridabad/Alive News: अखिल भारतीय कोली समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन फरीदाबाद में किया गया, जिसकी अध्यक्षता अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश से पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप ने की। बैठक में समाज से जुड़ी विभिन्न मांगों और मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर फरीदाबाद कोली समाज की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में हरियाणा के राज्यपाल असीम घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, फरीदाबाद के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर तथा विधायक सतीश फागना से फरीदाबाद एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में वीर वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर मुख्य द्वार निर्माण कराने का अनुरोध किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप ने समाज की इस मांग को जायज बताते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही संबंधित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को मांग पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विषय में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पत्राचार और व्यक्तिगत मुलाकात कर कोली समाज की इस मांग को पूरा कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हरियाणा के कोली समाज के प्रतिनिधिमंडल को योगेश कोली और एडवोकेट मनोज कोली के नेतृत्व में शीघ्र ही दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कराई जाएगी, ताकि समाज की मांगों को प्रभावी ढंग से उनके समक्ष रखा जा सके।

