June 13, 2026

सोमवार से नियमित रूप से दौड़ेंगी सिटी बसें

व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटा परिवहन विभाग, नोएडा डिपो से बुलाए जा रहे चालक-परिचालक

Noida/Alive News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुक्रवार को शुरू की गई सिटी बस सेवा का पूर्ण संचालन सोमवार से शुरू होने की उम्मीद है। उद्घाटन के बाद शुरुआती दो दिनों में चालक-परिचालकों की कमी के कारण सभी बसें सड़कों पर नहीं उतर सकीं। परिवहन विभाग अब व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।
शुक्रवार को शहर में 33 एसी बसों और आठ डबल डेकर बसों का शुभारंभ किया गया था। हालांकि शनिवार को डबल डेकर बसों का संचालन नहीं हो सका और अधिकांश बसें सेक्टर-90 स्थित नए बस डिपो में खड़ी रहीं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार चालक-परिचालकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सेक्टर-35 स्थित मोरना डिपो से कर्मचारियों को जरूरत के अनुसार बुलाया जा रहा है।
शनिवार को सीमित संख्या में बसों का संचालन विभिन्न रूटों पर किया गया। वहीं यात्रियों की संख्या भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। अधिकारियों का कहना है कि सोमवार से एयरपोर्ट रूट पर उड़ानों का संचालन शुरू होने के साथ ही सभी सिटी बसों को नियमित रूप से विभिन्न रूटों पर उतार दिया जाएगा।
शहरवासियों की लंबे समय से मांग रही है कि बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराया जाए ताकि उन्हें निजी वाहनों और महंगी कैब सेवाओं पर निर्भर न रहना पड़े। इसी मांग को देखते हुए सरकार ने सिटी बस सेवा शुरू की है।
इस बीच सेक्टर-90 स्थित नव निर्मित बस डिपो के लिए राजेश को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) नियुक्त किया गया है। इसी डिपो से सिटी बसों का संचालन और चार्जिंग व्यवस्था संचालित की जाएगी। फिलहाल क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार सिंह संपूर्ण संचालन व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

कोट
“सोमवार से एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने के साथ सभी सिटी बसों का संचालन नियमित रूप से शुरू कर दिया जाएगा। चालकों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है और व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।”
मनोज कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपी रोडवेज, गौतमबुद्ध नगर