April 30, 2024

वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों के साथ ली सेवानिवृत्त कर्मियों-पूर्व सैनिकों की बैठक

Palwal/Alive News: हरियाणा सरकार की कल्याणकारी नीतियों व सेवाओं की जानकारी तथा लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए स्वयंसेवकों की एक टीम तैयार की जाएगी, जिसमें सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों व पूर्व सैनिकों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने समर्पण नामक पोर्टल samarpan.haryana.gov.in तैयार किया है, जिस पर पंजीकरण करवाने वाले लोग स्वयंसेवक के रूप में सरकार व प्रशासन के साथ मिलकर काम करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को विडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से समर्पण पोर्टल की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रदेश के सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पूर्व सैनिकों से स्वयंसेवक के रूप में सहयोग की अपील की।

विडियो कान्फ्रेंस के रूप में आयोजित बैठक में जिला उपायुक्तों के साथ सभी जिलों में जिलों के पूर्व सैनिकों तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान समर्पण पोर्टल की विस्तृत जानकारी देते हुए पूर्व सैनिकों तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया कि वे हरियाणा के नव-निर्माण में पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने बताया कि प्रदेश के जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने व आजीविका के लिए मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना बनाई गई है, जिसके माध्यम से पात्र व्यक्तियों को स्व-रोजगार के लिए मदद दी जाएगी। इसके लिए परिवार पहचान पत्र बनाये जा रहे हैं, जिससे पात्र व्यक्तियों की सही जानकारी मिलेगी।

उपायुक्त कृष्ण कुमार ने भरोसा दिया कि समर्पण पोर्टल का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करते हुए सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों और पूर्व सैनिकों को पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने पूर्व सैनिकों तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों का आह्वाहन किया कि वे शीघ्रातिशीघ्र समर्पण पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवायें। ऐसा करने के उपरांत उन्हें उनकी योग्यता व क्षमता अनुसार कार्य दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों का पूर्ण लाभ व जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में सरकार-प्रशासन की सहायता करें। स्वयंसेवक के रूप में जन सेवा का यह बेहतरीन अवसर मिला है, जिससे सेवा करने वालों को भी अलग पहचान मिलेगी। सेवा-परमार्थ के इस मौके को चूकना नहीं चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि पूर्व सैनिकों तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों के अनुभव का पूरा लाभ प्रदेश की जनता को मिलना चाहिए। अनुभवी लोग योजनाओं के सही प्रकार से क्रियान्वयन में विशेष रूप से मदद दे सकते हैं। साथ ही सुधार व बदलाव के लिए सुझाव भी दे सकते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास तथा कृषि इत्यादि क्षेत्रों में खासतौर पर अनुभवी लोगों की मदद मिल सकती है।

उन्हें अपनी सेवाओं से प्रदेश के लोगों को लाभ पहुंचाना चाहिए। हरियाणा प्रदेश को आगे बढ़ाने में अपना पूर्ण योगदान दें। साथ ही उन्होंने पूर्व सैनिकों तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों से सुझाव भी मांगें। उन्होंने जो भी सुझाव मिलेंगे उन्हें मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। इस मौके पर नगराधीश अंकिता अधिकारी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों ने मौजूदगी दर्ज कराई।