June 24, 2026

बीएलओ घर-घर जाकर ले रहे हैं गणना प्रपत्र, मतदाता समय पर करें जमा: उपायुक्त

फरीदाबाद में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र करते बीएलओ।

Faridabad/Alive News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अब घर-घर जाकर मतदाताओं से भरे हुए गणना प्रपत्र एकत्र कर रहे हैं।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि जिले में गणना प्रपत्रों के वितरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब बीएलओ मतदाताओं के घर पहुंचकर भरे हुए प्रपत्र वापस ले रहे हैं, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि सभी पात्र नागरिक समय पर अपने गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध करवाएं। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज न हो।

उपायुक्त ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए गणना प्रपत्र जमा करने की व्यवस्था ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है। जिन लोगों ने अभी तक अपने प्रपत्र जमा नहीं किए हैं, वे जल्द से जल्द उन्हें जमा करें।

आयुष सिन्हा ने नागरिकों से अपील की कि जब बीएलओ उनके घर आएं तो वे आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराकर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।