Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने फेसबुक पर दोस्ती कर ऑनलाइन गेमिंग और निवेश प्लेटफॉर्म के जरिए 15 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में खाताधारक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खाते में ठगी की रकम में से 4 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस के अनुसार एनआईटी-1 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि फेसबुक पर उसकी पहचान एक युवती से हुई, जिसने खुद को आर्किटेक्ट बताया। बाद में युवती व्हाट्सएप के जरिए लगातार संपर्क में रही और वीडियो कॉल के माध्यम से विश्वास जीत लिया।
इसके बाद युवती ने अधिक मुनाफे का लालच देकर शिकायतकर्ता को sandscasino5.com नामक ऑनलाइन गेमिंग/इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म पर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। शिकायतकर्ता ने 20 से 27 जनवरी 2026 के बीच विभिन्न बैंक खातों में कुल 15 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने निवेश की रकम और मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो उसे और पैसे जमा करने के लिए कहा गया। तब उसे ठगी का पता चला।
जांच के दौरान साइबर थाना एनआईटी की टीम ने रोहतक से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन, अवतार उर्फ कल्लू निवासी कलानौर तथा अरुण निवासी गांव अनवाल, कलानौर, जिला रोहतक के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने बैंक खाता उपलब्ध कराकर ठगों की मदद की थी। खाते में ठगी की रकम में से 4 लाख रुपये आए थे, जिन्हें एटीएम और चेक के जरिए निकालकर आगे पहुंचाया गया।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों और साइबर ठगी नेटवर्क की जांच जारी है।

