August 18, 2026

भाजपा ने बिहार जिताने वाले विनोद तावड़े को बनाया यूपी प्रभारी, पूनिया को पंजाब और चुग को गुजरात की जिम्मेदारी

भाजपा के नए राज्य प्रभारी विनोद तावड़े, सतीश पूनिया और तरुण चुग

New Delhi/Alive News: भाजपा ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज करते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए राज्य प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को इन नियुक्तियों का ऐलान किया।

बिहार चुनाव में पार्टी की जीत के दौरान प्रभारी रहे विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। जगदीश ईश्वरभाई पटेल को यूपी का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं सतीश पूनिया को पंजाब और तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है।

इन तीनों राज्यों में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा ने इससे एक दिन पहले अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था, जिसमें 65 पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई थीं।

तावड़े को यूपी की बड़ी जिम्मेदारी

विनोद तावड़े भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हैं। वह इससे पहले हरियाणा और बिहार के प्रभारी रह चुके हैं। नवंबर 2020 में उन्हें हरियाणा की जिम्मेदारी दी गई थी, जबकि सितंबर 2022 में बिहार का प्रभारी बनाया गया।

2024 और 2025 में भी तावड़े बिहार के प्रभारी रहे। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उनके प्रभार में भाजपा ने जीत हासिल की। महाराष्ट्र में लंबे समय तक संगठन में सक्रिय रहने वाले तावड़े महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं।

जगदीश पटेल बने यूपी के सह-प्रभारी

गुजरात भाजपा के नेता जगदीश ईश्वरभाई पटेल को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है। वह 2019 में अमराईवाड़ी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। वह अहमदाबाद शहर भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

अगस्त 2026 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था। अब पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी दी है।

सतीश पूनिया को पंजाब का जिम्मा

राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके डॉ. सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। 2024 में उन्हें हरियाणा का प्रभारी बनाया गया था। इससे पहले वह लोकसभा चुनाव में हरियाणा के चुनाव प्रभारी भी रहे थे।

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी जीत के दौरान भी पूनिया राज्य प्रभारी की भूमिका में थे। जून 2026 में वह राज्यसभा सांसद चुने गए। अब पार्टी ने उन्हें पंजाब में संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी दी है।

तरुण चुग गुजरात के प्रभारी

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है। अमृतसर से आने वाले चुग लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय हैं।

वह तेलंगाना के साथ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रभारी रह चुके हैं। अब उन्हें गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां भाजपा लंबे समय से सत्ता में है।

2027 में तीनों राज्यों में चुनाव

उत्तर प्रदेश: 403 विधानसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में चुनाव होने की संभावना है। राज्य में भाजपा की सरकार है और योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को राज्य में बड़ा झटका लगा था। समाजवादी पार्टी 37 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, जबकि भाजपा 33 सीटों पर रही थी। ऐसे में 2027 का चुनाव भाजपा के लिए सत्ता बनाए रखने की महत्वपूर्ण परीक्षा होगा।

पंजाब: 117 विधानसभा सीटों वाले पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होंगे। फिलहाल आम आदमी पार्टी की सरकार है और भगवंत मान मुख्यमंत्री हैं। 2022 में AAP ने 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। भाजपा पंजाब में अपना संगठन और जनाधार बढ़ाने पर जोर दे रही है।

गुजरात: 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में दिसंबर 2027 तक चुनाव होने की संभावना है। यहां भाजपा की सरकार है और भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 156 सीटें जीतकर बड़ी जीत दर्ज की थी। अब पार्टी के सामने 2027 में इस प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती होगी।

भाजपा द्वारा तीनों राज्यों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति को 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।