Kolkata/Alive News: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पत्थर कारोबारी से जुड़े ठिकाने पर छापा मारकर करीब 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलो सोना बरामद किया है। बरामद सोने की कीमत लगभग 21.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कुल मिलाकर जब्ती की कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने इस मामले में मिनार मंडल को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह पहले राज्य परिवहन विभाग में बस चालक था और बाद में पत्थर कारोबार से जुड़ गया। पुलिस के अनुसार, वह फरार पत्थर कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का मैनेजर और रिश्तेदार है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद बुधवार रात छापेमारी की गई। पहले करीब 20 करोड़ रुपये नकद मिला, लेकिन पूरी रात गिनती के बाद यह रकम बढ़कर 28.5 करोड़ रुपये हो गई। नोटों की संख्या इतनी ज्यादा थी कि उन्हें गिनने के दौरान पांच करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं।
छापे के दौरान पुलिस ने 1-1 किलो के 14 गोल्ड बार और 100-100 ग्राम के 10 गोल्ड बिस्किट भी बरामद किए। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने दावा किया कि नकदी और सोना फरार कारोबारी तुलु मंडल का है।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और सोना कहां से आया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को शक है कि यह रकम पत्थर खदानों से जुड़े राजस्व और अन्य वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
तुलु मंडल पहले भी केंद्रीय एजेंसियों की जांच के दायरे में रह चुका है। वर्ष 2022 में मवेशी तस्करी मामले में CBI और बाद में ED ने भी उससे पूछताछ की थी। इन मामलों में अब तक कोई अंतिम न्यायिक फैसला नहीं आया है।
इस कार्रवाई के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति भी गर्मा गई है। सत्तारूढ़ दल के नेताओं के बीच आरोपी से कथित संबंधों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। कई नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
तुलु मंडल वर्ष 2024 में अपनी बेटी की कथित 100 करोड़ रुपये की आलीशान शादी को लेकर भी चर्चा में रहा था। उस समारोह में फिल्म जगत की कई हस्तियां शामिल हुई थीं।

