May 19, 2024

भारत जोड़ो यात्रा: फरीदाबाद पहुंचते ही राहुल गांधी के स्वागत में उमड़े हजारों लोग

Faridabad/Alive News: हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज तीसरा दिन है। यह गांव खोरी के जमालपुर से फरीदाबाद पहुंची। कल नूंह जिले से यात्रा गुरुग्राम के सोहाना पहुंची थी। यहां नाइट स्टे के बाद घने कोहरे में राहुल गांधी ने टॉर्च की रोशनी में पैदल यात्रा शुरू की। जैसे ही यात्रा फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र में पहुंची विधायक नीरज शर्मा ने राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान राहुल गांधी ने भी हवा में हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद राहुल गांधी ने गांव पाखल ने विश्राम किया और धौज में टी ब्रेक लिया। फरीदाबाद में राहुल का जादू लोगों के सर चढ़कर बोला। हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के पहले फेज का आज अंतिम दिन रहा। आज यात्रा का नाइट स्टे फरीदाबाद के बड़खल में होगा। कल सुबह यात्रा दिल्ली के लिए रवाना होगी।

इन रूटों से निकली भारत जोड़ो यात्रा
गांव सिरोही से लेकर आलमपुर, धौज, पाखल, पाली, डबुआ रोड से लेकर एनआइटी के सभी प्रमुख मार्ग और बादशाह खान चौक, नीलम चौक से होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर अजरौंदा से लेकर बदरपुर बार्डर तक पूरे मार्ग पर कांग्रेस के झंडे, तोरण द्वार और होर्डिंग लगे हुए हैं। यह इस बात का सबूत हैं कि कांग्रेसियों ने राहुल गांधी के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

रोज़ गार्डन में लगी पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा

स्वर्गीय पिता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करना भूले
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शाम करीब पांच बजे एनआईटी तीन स्थित रोज गार्डन पहुंची। रोज गार्डन में राहुल गांधी को अपने स्वर्गीय पिता राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने थे, जिसकी कांग्रासियो ने पूरी तैयारी कर रखी थी। लेकिन राहुल गांधी वहां क्षण भर भी नही रुके और आगे बढ़ते चले गए। इससे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में थोड़ी मायूसी देखने को मिली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सारी तैयारी धरी की धरी रह गई।

लोगों ने जमकर फाड़े पोस्टर
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जब फरीदाबाद पहुंचने की सूचना मिली थी तो कांग्रेसी नेताओ और कार्यकर्ताओं ने शहर के बी.के, नीलम, अजरौंदा चौक से लेकर एनएच 2 हाईवे को पूरी तरह होर्डिंग बोर्ड और पोस्टर से सजा दिया था, लेकिन जैसे ही इन चौकों से भारत जोड़ो यात्रा आगे हाईवे की ओर बढ़ी लोगों ने चोको पर लगे पोस्टर और होर्डिंग वोटों को पढ़ना शुरू कर दिया और उसमें लगी लकड़ियों को जलाने के लिए अपने घर ले गए।

खाने की मची लूट
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के स्वागत में जगह जगह चाय पानी और खाने की व्यवस्था कर रखी थी। लेकिन यात्रा के दौरान राहुल गांधी कहीं नहीं रुके और आगे बढ़ते रहे। जिसके बाद उनके स्वागत में खड़े खाने पर टूट पड़े और कांग्रेसी कार्यकर्ता आपस में एक पकोड़े के लिए भीड़ गए।

हालांकि, राहुल गांधी की इस यात्रा से कांग्रेस पार्टी सत्ता में वापसी कर पाएगी या नहीं, यह तो वर्ष 2024 में होने वाले चुनाव तय करेंगे। लेकिन आज राहुल गांधी की इस यात्रा से गरीबों का बहुत भला हुआ है। गरीबों को खाने के लिए भरपेट भोजन और खाना बनाने के लिए ढेर सारी होर्डिंग बोर्ड की लकड़ियां जरूर मिल गई है।