April 27, 2024

हरियाणा के 18वें राज्यपाल के रूप में बंडारू दत्तात्रेय ने ली शपथ

Chandigarh/Alive News : गुरुवार सुबह हरियाणा के 18वें नए राज्यपाल के रूप में बंडारू दत्तात्रेय ने राजभवन में शपथ ली। वहीं हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रविशंकर झा ने सादे समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ समारोह के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा के राज्यपाल के रूप में सबसे कम कार्यकाल ओम प्रकाश वर्मा का रहा है। वह 2 जुलाई 2004 से 7 जुलाई 2004 तक ही राज्यपाल के पद पर रहे। सबसे लंबा कार्यकाल बीएन चक्रवर्ती का रहा। उन्होंने राज्यपाल के रूप में 15 सितंबर 1967 से 26 मार्च 1976 तक अपनी सेवाएं दी। हरियाणा के नए राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय की नियुक्ति बेहद अहम समय में हुई है। प्रदेश में लंबे समय से किसान आंदोलन से जूझ रहा है। ऐसे में किसानों और गठबंधन सरकार के बीच टकराव चरम पर है। एसवाईएल, नशाखोरी, नशा तस्करी, बढ़ते अपराध और विपक्ष के पक्षपात के आरोप उनके सामने बड़ी चुनौती हैं।

वैसे हरियाणा की तुलना में हिमाचल प्रदेश शांत राज्य है, उसकी तुलना में दत्तात्रेय के सामने हरियाणा में अनेक चुनौतियां हैं। एक तरफ गठबंधन सरकार की गांठ और मजबूत करनी है तो दूसरी तरफ विपक्ष की उम्मीदों पर भी खरा उतरना है। पूर्व राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य पर विपक्ष, राजनीतिक और सामाजिक संगठन पक्षपात के आरोप लगाते रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को किसान आंदोलन के मुद्दे पर मिलने का समय न देने से आरोपों को और बल मिला। 

15 जुलाई को शपथ ग्रहण के बाद दत्तात्रेय को पक्षपात के दाग धोने का काम भी करना होगा। बंडारू राज्यपाल बनने से पहले बेबाक और भाजपा के खांटी नेता के रूप में जाने जाते रहे हैं। ऐसे में किसानों और भाजपा नेताओं के बीच हरियाणा में बने टकराव के हालात को खत्म कराने के लिए उनसे सांविधानिक रास्ता निकालने की उम्मीदें हैं।