April 27, 2024

करीब 6663 निर्माण पर चल सकता है कभी भी निगम का पीला पंजा, ध्वस्त किए जायेंगे 2 टावर, 2 इंडस्ट्री, 5 विद्यालय, 23 मंदिर, 12 मस्जिद और एक चर्च

Faridabad/Alive News: गांव खोरी में तोड़फोड़ की कार्रवाई से पहले नगर निगम कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता। इसके लिए निगम ने खोरी गांव का ड्रोन से सर्वे करवाया है। ड्रोन के माध्यम से काफी नजदीक से मकानों व धार्मिक स्थलों की फोटो ली गई है। इसके अलावा गांव में कहां-कहां से आने जाने के रास्ते हैं, उन्हें चिन्हित करने के बाद जल्द तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।

सूरजकुंड स्थित अरावली की पहाड़ियों में स्थित गांव लकड़पुर की राजस्व संपदा पर करीब 30 साल पहले खोरी गांव में लोगों की बसावट शुरू हुई थी। दिल्ली व फरीदाबाद बॉर्डर पर बसे वन क्षेत्र में लोगों ने बिल्डरों के झांसे में आकर अपना आशियाना बनाया। इस वक्त करीब 6663 हजार मकान खोरी में बने हुए हैं। जिसे सुप्रीम कोर्ट द्वारा तोड़ने के ऑर्डर जारी हुए है।  नगर निगम जिस सर्वे के आधार पर खोरी गांव में तोड़फोड़ का दावा कर रहा है वे आंकड़े इस प्रकार है। खोरी गांव में 2 टावर, 2 इंडस्ट्री, 5 विद्यालय, 23 मंदिर, 12 मस्जिद और एक चर्च शामिल है। इसके अलावा खोरी गांव में रिहायशी क्षेत्र की संख्या 5158 और व्यवसाय क्षेत्रों की संख्या 80 है। अलग-अलग कामों को एक ही स्थान पर करने वाले 430 स्थान खोरी गांव में मौजूद हैं।

निगम सूत्रों से मिले आंकड़ों के मुताबिक खोरी गांव में 877 प्लॉट खाली पड़े हैं और 33 स्थान ऐसे है  जिस पर किसी व्यक्ति का कोई कब्जा नहीं है। इसके अलावा खोरी में एक गौशाला, 36 सामाजिक कार्य करने वाले स्थान, 41 वन भूमि क्षेत्र, जल निकाय वाले क्षेत्र 1 दशमलव 72 प्रतिशत पर मौजूद है और 18 दशमलव 63 प्रतिशत स्थान सड़कों ने घेरा हैं। नगर निगम ने खोरी गांव के 6663 ऐसे स्थानों का आंकड़ा इकट्ठा किया है जहां पर आज लोग रहने के साथ अपने अन्य काम भी कर रहे हैं।

इसके अलावा नगर निगम ने सर्वे के दौरान कुछ कच्चे-पक्के मकानों का भी डेटा एकत्रित किया हैं, जो इस प्रकार है। खोरी गांव में रिहायशी क्षेत्र में 974 कच्चे घर, 1968 पक्के घर, 3093 सेमी पक्के घर मौजूद होने के साथ कुल इन मकानों की कुल संख्या 6035 है। वहीं वेवसायिक क्षेत्र में एक कच्चा मकान, 34 पक्के मकान, 45 सेमी पक्के मकान सहित कुल 80 मकान मौजूद है। ऐसे स्थान जहां पर सभी धार्मिक सामाजिक और अन्य कार्य होते हैं वहां 294 पक्के मकान, 136 कच्चे मकान और इनकी कुल संख्या 430 है। खोरी में शिक्षा के क्षेत्र में 2 पक्के, 3 सेमी पक्के विद्यालय मौजूद है। इसके अलावा खाली पड़ी जमीनों पर 74 कच्चे मकान मौजूद है।