June 28, 2026

APK फाइल भेजकर 1.01 लाख की साइबर ठगी, खाताधारक समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस द्वारा APK फाइल साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार किए गए दो आरोपी।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने APK फाइल भेजकर मोबाइल फोन हैक करने और ₹1.01 लाख की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम (31) और लक्की (20) निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-20बी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि 17 मई को उसके टेलीग्राम अकाउंट पर एक लिंक आया। उसने उस लिंक पर अपनी निजी जानकारी भर दी। इसके बाद ठगों ने उसे टेलीग्राम पर एक APK फाइल भेजी। जैसे ही उसने वह फाइल डाउनलोड की, उसका मोबाइल फोन हैक हो गया।

फोन हैक होने के बाद साइबर ठगों ने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए उसके बैंक खाते से 1,01,000 रुपये निकाल लिए। शिकायत मिलने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने गौतम और लक्की को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि गौतम बैंक खाते का धारक है, जिसने अपना खाता लक्की को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम में से 50 हजार रुपये गौतम के खाते में आए थे।

गौतम पांचवीं तक पढ़ा है और टेंपो चलाने का काम करता है, जबकि लक्की 12वीं पास है और वेल्डिंग का काम करता है।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने गौतम को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि लक्की को आगे की पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और ठगी में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।