June 28, 2026

दो दिन और सताएगी गर्मी, फिर बारिश देगी राहत 

Noida/Alive News: शहर में तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। रविवार की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई और दोपहर में गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार दो दिन बाद मौसम बदलने की संभावना है और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। साथ ही इन दिनों शहर का एक्यूआई भी मध्यम श्रेणी में बना हुआ है। 

सोमवार को अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे दिन तेज धूप और गर्मी बनी रहेगी। मंगलवार को तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बुधवार से मौसम करवट ले सकता है। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। आसमान में बादल छाने के साथ बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने गुरुवार से 4 जुलाई तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

वहीं वायु गुणवत्ता की बात करें तो रविवार को नोएडा का एक्यूआई 189 और ग्रेटर नोएडा का  एक्यूआई  170 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में रहा।