June 26, 2026

शादी समारोह में झगड़ा और फायरिंग मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने खालसा गार्डन में शादी समारोह के दौरान हुए झगड़े और फायरिंग के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय लोकेश निवासी तुगलकाबाद, दिल्ली के रूप में हुई है। यह घटना 28 फरवरी को सूरजकुंड रोड स्थित खालसा गार्डन में हुई थी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मीठापुर, दिल्ली निवासी अरुण राय ने शिकायत दी थी कि वह एक सांसद के सामाजिक कार्यों से जुड़ा हुआ है। इसी बात को लेकर महेश अवाना सोशल मीडिया पर उनके और सांसद के बारे में गलत टिप्पणियां करता था। दोनों पक्षों के बीच इस बात को लेकर काफी समय से रंजिश चल रही थी।

28 फरवरी को अरुण राय अपने दोनों बेटों अनिकेत और अंकित के साथ खालसा गार्डन में एक दोस्त के बेटे की शादी में गए थे। जब उनका बेटा अनिकेत पार्किंग से गाड़ी लेने गया तो वहां झगड़े की आवाज आई। जब अरुण राय और उनका दूसरा बेटा अंकित वहां पहुंचे तो देखा कि अमर अवाना और अमन अवाना अपने 8-10 साथियों के साथ अनिकेत के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि उन्हें देखते ही आरोपियों ने फायरिंग भी कर दी।

इस शिकायत पर थाना सूरजकुंड में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस पूछताछ में लोकेश ने बताया कि वह अमन का साथी है और उसके कहने पर ही 28 फरवरी को वहां गया था तथा शिकायतकर्ता और उसके बेटों के साथ मारपीट की थी।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में मुख्य आरोपी अमन समेत तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।