March 29, 2024

ओयो होटल बंद कराने की मांग को लेकर गुस्साए लोगों ने निगमायुक्त कार्यालय पर काटा बवाल

Faridabad/Alive News : शहर में अवैध रूप से चल रहे ओयो होटल को बंद कराने की मांग को लेकर एनआईटी के लोग निगमायुक्त कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा इस मामले में कोई संज्ञान नहीं लिया गया।

वहीं लोगों ने आरोप भी लगाया कि ओयो होटल में अनैतिक काम होते हैं। इसके अलावा लोगों ने ओयो से एक नाबालिग लड़की को भी बरामद किया। एनआईटी एक में रहने वाले एमएस भाटिया ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले नगर निगम ने इस ओयो होटल को सील कर दिया था, लेकिन निगम अधिकारियों की मिलीभगत की वजह से उसे फिर खोल दिया गया। अब यहां पर रोजाना अनैतिक काम होते हैं। लोगों की गाड़ियां उनके घरों के सामने खड़ी होती है। जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन करने में परेशानी होती है। लोगों ने बताया कि युवक और युवतियां आए दिन ओयो होटल में आते हैं और अनैतिक कार्य करते है। इस बारे में लोग पहले भी निगम और एनआईटी एक पुलिस में शिकायत दे चुके हैं। बावजूद इसके ना तो निगम अधिकारियों ने कोई कार्यवाही की और ना ही पुलिस ने। नतीजन बीते मंगलवार को लोगों ने रंगे हाथों नाबालिग लड़की और लड़के को ओयो से बरामद किया। लड़की को पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं लोगों ने इस संबंध में नगर निगम में भी अपनी शिकायत सौंपी।