May 5, 2024

पुलिस की कार्रवाई से गुस्साए डॉक्टरों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बंद करने की दी चेतावनी

New Delhi/Alive News : नीट पीजी काउंसलिंग में देरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे रेजिडेंट डॉक्टर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से आक्रोशित हैं। सोमवार शाम डॉक्टरों ने सभी स्वास्थ्य सेवाओं को बंद करने की घोषणा की जिसके बाद देर रात तक राजधानी के ज्यादातर सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं तक प्रभावित रहीं।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) ने नीट पीजी काउंसलिंग का समय जल्द से जल्द घोषित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की। आईटीओ स्थित शहीद पार्क के पास हजारों की तादाद में जुटे डॉक्टरों को जब पुलिस ने रोका तो वे सड़क पर ही बैठ गए। इसके चलते दिल्ली गेट से आईटीओ की ओर आने-जाने वाला मार्ग पूरी तरह से जाम में तब्दील हो गया। कई घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

विरोध प्रदर्शन में शामिल डॉक्टरों का आरोप है कि पुलिस ने धरने पर बैठे डॉक्टरों के साथ बदसलूकी की है। साथ ही महिला डॉक्टरों के साथ मारपीट भी की है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।