April 26, 2024

ससुर से शादी कर अपने ही पति की बनी मां

Budaun/Alive News : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में नाबालिग पति से परेशान होकर एक युवती द्वारा अपने ही ससुर से शादी करने का अनोखा मामला सामने आया है। चार साल पहले दोनों में ससुर और बहू का रिश्ता था, अब पति-पत्नी हो गए। पूर्व पति की शिकायत पर पुलिस दोनों को पकड़कर लाई। लेकिन कोर्ट में शादी होने के कागजात देखकर उन्हें छोड़ दिया गया। 

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दबतोरी चौकी क्षेत्र के एक युवक ने कुछ दिन पहले ही बिसौली पुलिस से शिकायत की थी कि उसकी शादी 2016 में वजीरगंज क्षेत्र की एक युवती से हुई थी और दोनों साल भर साथ भी रहे। लेकिन अगले साल पत्नी उसके पिता के साथ कहीं चली गई। तब से वो दोनों को तलाश कर रहा था। हाल ही में उसे पता लगा कि दोनों चंदौसी में रह रहे हैं। 

शुक्रवार को पुलिस ने युवक की शिकायत पर कार्यवाही करते हुए उसके पिता व पत्नी को पकड़कर ले आई। पिता को हवालात में बंद कर पत्नी के बयान लिए तो उसने कहा कि वह पति से परेशान थी। शादी के वक्त पति नाबालिग था। वह अपनी मर्जी से ससुर के साथ गई। दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और अब ससुर से युवती को दो साल का बेटा भी है। वे दोनों अपनी जिंदगी में खुश हैं। गांव में बदनामी के डर से वे चंदौसी जाकर रहने लगे हैं। 

वहीं गांव वालों ने बताया कि जिस लड़के की शादी का मामला है, उसकी मां नहीं है। वह मजदूरी करता है। एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। छोटा भाई है, जो अपने चाचा के यहां रहता है। परिवार ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है। घर में विवाद पहले भी रहा है। इस बात को लेकर खासी चर्चा है कि पति-पत्नी का रिश्ता अब मां-बेटे में बदल चुका है।

विवाहेत्तर संबंधों का मामला युवक की शिकायत के बाद बिसौली कोतवाली में आया था। युवक ने जन सूचना के जरिए भी अपनी पत्नी व पिता के बारे में जानकारी मांगी थी। इन लोगों को कोतवाली बुलाया तो महिला ससुर के साथ ही पत्नी की तरह रहने की बात बताते हुए उनके साथ जाने पर अड़ गई। कोर्ट के कुछ प्रमाणपत्र भी उसके पास थे। उसे पुलिस जबरन नहीं रोक सकती थी। महिला की इच्छा के आगे पति का दावा कमजोर पड़ गया और वह ससुर के साथ ही चली गई।