June 6, 2026

डबुआ मंडी में प्रतिबंधित पॉलिथीन पर कार्रवाई, 35 हजार के चालान, 50 किलो पॉलिथीन जब्त

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद और पॉल्यूशन विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को डबुआ मंडी क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो दुकानदारों पर कुल 35 हजार रुपये का चालान किया तथा करीब 50 किलो पॉलिथीन जब्त की।

जानकारी के अनुसार, डबुआ मंडी में प्रतिबंधित पॉलिथीन की बिक्री की शिकायत मिलने पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान संबंधित दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलिथीन पाई गई, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। टीम ने दुकानदार महेश यादव पर 10 हजार रुपये तथा दूसरे दुकानदार पिंटू पर 25 हजार रुपये का चालान किया।

यह कार्रवाई पॉल्यूशन विभाग फरीदाबाद के जेई साजिद खान तथा नगर निगम के सहायक सफाई इंस्पेक्टर अजीत रावत, राहुल धारीवाल, गजराज चौहान और नितिन शर्मा के नेतृत्व में की गई।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशों पर संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा यह अभियान चलाया गया। आयुक्त ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सभी नागरिक सहयोग करें और प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग से बचें।

उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।