September 26, 2026

अभिनंदन वर्तमान ने छोड़ी एयरफोर्स, प्राइवेट एयरलाइन में बने पायलट: 2019 में पाकिस्तानी F-16 गिराने के बाद हुए थे मशहूर

पूर्व एयरफोर्स अधिकारी अभिनंदन वर्तमान की तस्वीर

New Delhi/Alive News: भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्तमान ने वायुसेना से रिटायरमेंट ले लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, उन्होंने 31 मार्च 2026 को एयरफोर्स छोड़ी। करीब दो दशक तक वायुसेना में सेवा देने के बाद अब उन्होंने एविएशन के क्षेत्र में नई शुरुआत की है।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, अभिनंदन अगस्त 2026 में प्राइवेट एयरलाइन FLY91 से जुड़े हैं। यहां वह कॉमर्शियल यात्री विमानों के पायलट के रूप में काम करेंगे।

अभिनंदन वर्तमान 27 फरवरी 2019 को उस समय दुनियाभर में चर्चा में आए थे, जब उन्होंने हवाई लड़ाई के दौरान एक पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। इसी दौरान उनका MiG-21 Bison भी मिसाइल की चपेट में आ गया और उन्हें विमान से इजेक्ट करना पड़ा। पैराशूट से उतरने के बाद वह पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र में पहुंच गए थे।

पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने अभिनंदन को हिरासत में ले लिया था। करीब 60 घंटे बाद 1 मार्च 2019 को पाकिस्तान ने उन्हें भारत को सौंप दिया था। सुरक्षित भारत लौटने के बाद उनकी बहादुरी की देशभर में चर्चा हुई।

पुलवामा हमले के बाद हुई थी बालाकोट एयरस्ट्राइक

14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में CRPF के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। इसके जवाब में भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी।

इसके अगले दिन पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने LoC की ओर बढ़ने की कोशिश की। उस समय अभिनंदन श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर MiG-21 Bison स्क्वाड्रन में तैनात थे। उन्हें पाकिस्तानी विमानों को रोकने के लिए भेजा गया था।

आधिकारिक प्रशस्ति-पत्र के अनुसार, अभिनंदन ने एक पाकिस्तानी विमान का पीछा किया और हवाई मुकाबले में उसे मार गिराया। हालांकि, इसी दौरान उनके MiG-21 को भी नुकसान पहुंचा और उन्हें इजेक्ट करना पड़ा।

मिसाइल लगने के बाद पाकिस्तान में उतरे

हवाई लड़ाई के दौरान पाकिस्तानी विमान की ओर से BVR मिसाइलें दागी गईं। इनमें से एक मिसाइल अभिनंदन के MiG-21 से टकराई। विमान क्षतिग्रस्त होने के बाद उन्होंने इजेक्ट किया और पैराशूट से नीचे उतरे। उनके पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में उतरने के बाद पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने उन्हें पकड़ लिया। भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत के बाद उन्हें 1 मार्च 2019 को भारत वापस भेज दिया गया।

वीर चक्र से हुए सम्मानित

अभिनंदन वर्तमान को उनकी बहादुरी के लिए 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया। यह भारत का तीसरा सबसे बड़ा युद्धकालीन वीरता पुरस्कार है। भारत सरकार के राजपत्र में प्रकाशित प्रशस्ति-पत्र के मुताबिक, अभिनंदन ने पाकिस्तानी विमानों की संख्या और तकनीकी बढ़त के बावजूद साहस के साथ उनका मुकाबला किया। उनके आक्रामक रवैये से पाकिस्तानी विमानों की रणनीति प्रभावित हुई।

अब वायुसेना से रिटायरमेंट के बाद अभिनंदन वर्तमान ने कमर्शियल एविएशन में कदम रखा है। FLY91 में पायलट के रूप में उनकी नई पारी शुरू हो गई है।