April 20, 2024

केंद्रीय कारागृह के एक कैदी ने लगाई फांसी, जेल प्रबंधन ने आत्महत्या का मुकदमा कराया दर्ज

Ranchi/Alive News : झारखंड में एक कैदी द्वारा जेल में ही फांसी लगाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से ही जेल प्रशासन के होश उड़े हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार कैदी अवसाद में था और लंबे समय से बीमार चल रहा था। कैदी की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद जेल प्रबंधन ने खेलगांव थाने में आत्महत्या का मामला दर्ज कराया दिया है।

जानकारी के मुताबिक होटवार के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागृह में वीरेंद्र मुंडा नाम के एक कैदी का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला है। कैदी की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है। जेल प्रबंधन ने बताया कि रांची के लापुंग थाना क्षेत्र के रायटोली के रहने वाले वीरेंद्र को पुलिस ने हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था, उसे जुलाई में केंद्रीय जेल भेजा गया था, तब से वह यहीं पर था, लेकिन बीच में उसके पिता की मौत होने के बाद से वीरेंद्र अवसाद में रहने लगा था। इसके अलावा वीरेंद्र की 15 नवंबर को तबीयत अचानक से ज्यादा खराब हो गई थी, जिसके बाद उसे जेल के ही अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था, लेकिन शनिवार रात उसने अस्पताल कक्ष में ही फांसी लगा ली। जेल प्रशासन की ओर से आत्महत्या का मामला दर्ज कराया गया है।