October 1, 2024

नगर निगम अधिकारियों ने अवैध अतिक्रमण पर की कार्यवाही

Faridabad/Alivenews: शुक्रवार को नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता नीलम फ्लाईओवर के नीचे बने अवैध अतिक्रमण के प्रति कार्यवाही करने पहुंचा। इस दौरान नगर निगम तोड़फोड़ दस्ते ने एक तरफ दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से लगाए गए रेहड़ी पटरी, खोखा और नालों पर बनाए गए स्लेव को तोड़ा।

इसके अलावा नगर निगम तोड़फोड़ दस्ता ने दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे के पानी की लाइनों पर अवैध रूप से बढ़ाकर बनाए गए स्लेव को तोड़ा। इस दौरान यहां की कई पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। नगर निगम की इस तोड़फोड़ कार्यवाही का स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया। इस के बाद भी नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने खबर लिखे जाने तक अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अपनी कार्यवाही जारी रखी।

क्या कहना है पीड़ित लोगों का
निगन प्रशासन फ्लाईओवर के दूसरी तरफ बने मारुति सुजुकी शोरूम द्वारा नाले पर किए गए अवैध अतिक्रमण के प्रति कार्यवाही नही कर रहा। गरीबों का नुकसान कर रहा है। निगम अधिकारियों ने पिक एन चूस की पॉलिसी अपनाई हुई है। जहां से हफ्ता मिलता है अधिकारी वहां हाथ तक नहीं लगाते।
-दिलीप, दुकानदार।

निगम प्रशासन ने यह कार्यवाही बिना नोटिस दिए किया है। इससे हमारा काफी नुकसान हुआ है। हमारी रेहड़िया तोड़ दी गई है। हमें कह देते तो हम रेहड़ी हटा लेते, लेकिन इस प्रकार की कार्यवाही ठीक नही है। अधिकारी तोड़फोड़ करने आ जाते है लेकिन सड़क नही बनवाते, स्थानीय समस्याओं का इनके पास समाधान नही होता।

  • परमजीत कौर, रेहड़ी दुकानदार।

क्या कहना है अधिकारी का
आज नीलम फ्लाईओवर के एक तरफ दुकानदारों द्वारा नालों और पानी की पाइप लाइनों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया है और संबंधित जेई को इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही करने के भी आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा अभी बड़खल फ्लाईओवर के नीचे और बाटा फ्लाईओवर के नीचे दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा।
सुमेर सिंह, एसडीओ- नगर निगम।