October 25, 2024

सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है नारियल पानी, हृदय की गति को नियंत्रित करने में करता है मदद

Faridabad/Alive News : पिछले तीन सीलों से दुनिया भर में सबसे ज्यादा बिकनेवाले फलों में शामिल है नारियल पानी। इसकी खासियतें इतनी हैं कि इसके बारे में लोगों को जागरुक करने के लिए हर साल 2 सितंबर को विश्व नारियल दिवस मनाया जाता है। ऐसे में कोरोना महामारी से जिंदगी की बाजी जीत चुके लोगों लिए नारियल पानी वरदान साबित हुआ है। नारियल एंटी आक्सीडेंट के साथ इम्युनिटी बढ़ाने में भी मददगार साबित हो रहा है। वहीं दूसरी ओर पिछले दो वर्षों में व्यापारियों को भी काफी मुनाफा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक भारत में कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश नारियल पानी के लिए काफी प्रसिद्ध माना जाता हैं। जिले में नारियल पानी की मांग की बात की जाए तो कोरोना के दौरान हरे नारियल का महत्व बढ़ गया। मांग बढ़ने के साथ ही कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इन दिनों नारियल पानी की कीमत 60 रुपए में है।

क्या कहना है डॉक्टर का
मेडीचेक अस्पताल के डॉक्टर सुमित वर्मा ने बताया कि नारियल का पानी और फल दोनों का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। इसमें मिनरल और विटामिन भरपूर मात्रा में होने से यह सुपरफूड है। हृदय की गति को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। कोरोना संक्रमण से जो लोग स्वस्थ हुए हैं उनको नारियल पानी का सेवन बेहद फायदेमंद साबित हुआ है। व्यक्ति को स्वस्थ रहने के लिए प्रतिदिन एक नारियल पानी अवश्य पीना चाहिए।

वहीं डबुआ सब्जी मंडी के प्रधान रणवीर पहलवान बताया कि महामारी के दैरान नारियल का एक ट्रक मंगाया जाता था, जिसमें 10 हजार पीस होते हैं। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 5 से छह ट्रक मंगाए जाते हैं। मार्केट से रेहड़ी और दुकानदार नारियल खरीदकर लेकर जाते हैं और शहर में बेचते हैं।