September 16, 2026

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत, बारिश के बाद मौसम होगा सुहावना

New Delhi/Alive News: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते दिल्ली-एनसीआर के लोगों को राहत मिली हुई है। पिछले रविवार से लगातार लू नहीं चल रही है। मंगलवार सुबह से गर्मी कम है, लेकिन उमस बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित भारत के अधिकांश हिस्सों में लू का दौर फिलहाल थम गया है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसी वजह से दिल्ली, लखनऊ और जयपुर में हवा के रुख में बदलाव को महसूस किया जा सकता है। अगले छह-सात दिन में पूर्व दिशा से चलने वाली हवा भी तेज हो जाएगी, जिससे तापमान में वृद्धि नहीं होगी।

इस बीच मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच बुधवार और बृहस्पतिवार को दिल्ली में मौसम करवट ले सकता है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी, साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है। इससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, जबकि पूरे सप्ताह तापमान भी 40 डिग्री के आसपास या इससे नीचे ही रहेगा।

इससे पहले सोमवार को दिल्ली में सूरज और बादल के बीच लुकाछिपी भी देखने को मिली। कभी तेज धूप खिल जाती तो कभी आंशिक बादल छाने से धूप के तेवर कुछ नरम पड़ जाते थे। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 40.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 32 से 68 प्रतिशत रहा। अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस के साथ नजफगढ़, जबकि न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस के साथ मयूर विहार सर्वाधिक गर्म इलाके दर्ज किए गए।

खराब श्रेणी में रही दिल्ली-एनसीआर की हवा
रविवार को भी दिल्ली-एनसीआर की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 218 रहा। वहीं, पीएम 2.5 का स्तर 65 और पीएम 10 का स्तर 217 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।