November 17, 2026

देसी कट्टे के साथ आरोपी गिरफ्तार, ग्वालियर से 6 हजार रुपये में खरीदा था हथियार

फरीदाबाद पुलिस द्वारा देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार आरोपी हेमंत।

क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने सीही पुल के पास से पकड़ा, पहले भी दर्ज हैं अवैध हथियार और चोरी के मामले

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने एक युवक को देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के गांव ऊंची भघेल निवासी हेमंत के रूप में हुई है। वह फिलहाल सेक्टर-4, फरीदाबाद में रह रहा था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि सेक्टर-4 निवासी एक व्यक्ति के पास अवैध हथियार है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेमंत को सीही पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में थाना सेक्टर-8 में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देसी कट्टा मध्य प्रदेश के ग्वालियर से 6 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। उसके खिलाफ पहले भी अवैध हथियार रखने और चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।