May 17, 2024

रक्तदान और पौधारोपण कर जेजेपी कार्यकर्ताओं ने मनाया डिप्टी सीएम का जन्मदिन

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के 34वें जन्मदिन को जननायक जनता पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में सामाजिक दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया। प्रदेश में जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया और दुष्यंत चौटाला की दीर्घायु व बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर आए लोगों की जनसमस्याएं सुनी और जन्मदिन की बधाई स्वीकार की। प्रदेशभर में जेजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा पौधारोपण, फल वितरण, रक्तदान शिविर, गौशालाओं में गऊओं को चारा खिलाने, गरीबों की सहायता जैसे अनेक सामाजिक कार्य किए गए। सिरसा में जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने उपमुख्यमंत्री के जन्मदिन पर केक काटा एवं उनकी दीर्घायु की कामना की।

सिरसा जिला के पदाधिकारियों ने भाई कन्हैया आश्रम में जाकर फल वितरण किया। पंचकुला और अंबाला में पार्टी कार्यकर्ताओं ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसमें युवाओं ने बढ़ चढ़कर ब्लड डोनेट किया। झज्जर, जींद समेत कई पार्टी जिला कार्यालयों पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। सोनीपत, कुरुक्षेत्र, झज्जर व कई अन्य जिलों की गौशालाओं में पार्टी पदाधिकारियों ने गऊओं को चारा खिलाया। लगभग सभी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण अभियान चलाया।