October 1, 2024

सरकार ने मंत्रियों संग बैठक में कई मुद्दों पर की चर्चा, 7 साल का कार्यकाल पूरा होने पर सरकार करेगी बडी रैली

Chandigarh/Alive News : हरियाणा सरकार की परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा के सेक्टर-7 स्थित निवास पर एक अनौपचारिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बड़े बड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इनमें से एक बड़ा मुद्दा रहा खाद संकट। खाद संकट पर भी मंत्रियों से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान फैसला किया गया कि जनता के बीच खाद को लेकर जो भ्रामक प्रचार किया जा रहा है, उसका जवाब भी सरकार देगी। धान की फसल की खरीद को लेकर विपक्ष जो प्रचार कर रहा है, उसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए मंत्रियों को फील्ड में उतारा जाएगा। इसके अलावा इस बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सरकार कार्यकाल के 7 साल पूरे होने पर एक बड़ी रैली करेगी। इस रैली में सरकार अपने 7 साल के कामकाज पर जनता को जवाब देगी।

मिली जानकारी के अनुसार नंबरदारों के विषय पर भी चर्चा की गई। सूबे में जो नंबरदार हैं, उनकी मांगों पर किस तरह विचार करना है। नंबरदारों को कैसे आगे रखना है। सरकार में कांट्रेक्ट कर्मचारियों को भी कौशल विकास निगम में एडजस्ट करने पर योजना बनाई जा रही है। जिससे आगामी चुनावों में किसी तरह का कोई संकट न हो।

इसके अलावा सभी मंत्रियों ने मिलकर फैसला किया कि आगामी समय में किस तरह सरकार अपने कार्यकाल को जनता के सामने पेश करने के लिए एक बड़ी रैली निकाली जाए। ताकि जनता में बड़ा संदेश जाए। आगामी रैली ऐलनाबाद चुनाव के बाद की जाए। ऐलनाबाद चुनाव में सरकार की रणनीति पर फोकस करते हुए वोट मांगे जाएं। क्योंकि सरकार यह चुनाव किसी भी कीमत पर जीतना चाहती है। चुनाव प्रचार में मंत्रियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।

स्टार प्रचारक के तौर पर 7 साल की उपलब्धियां जनता के सामने इस चुनाव में पेश करेंगे। जनता को बताएंगे कि सरकार कैसे कठिन फैसले लेते हुए आगे बढ़ी है। जनता के हित में लिए गए फैसलों पर ही सरकार कायम है। इसके अलावा अवैध कॉलोनियों पर भी मंत्री समूह में चर्चा हुई है। अवैध कॉलोनी प्रदेश में एक बड़ा विषय हैं। इन कॉलोनियों को सरकार की नीति के हिसाब से कैसे नियमित किया जाए, इस मामले पर भी चर्चा हुई है।