October 27, 2026

फरीदाबाद में वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़, 5 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा एनआईटी ने वाहन चोरी करने वाले एक गैंग का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो मोटरसाइकिल चोरी करने वाले और एक चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाला व्यक्ति शामिल है। पुलिस की कार्रवाई में वाहन चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने निरीक्षक अनिल के नेतृत्व में थाना सेक्टर-31 क्षेत्र में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले की जांच करते हुए 22 अक्टूबर को मेवला महाराजपुर निवासी मोहित को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे पांच दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि मोहित अपने साथी सुमित के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोप है कि दोनों ने चोरी की एक मोटरसाइकिल मेवला महाराजपुर निवासी अनुराग को 8,000 रुपये में बेच दी थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुमित और चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने के आरोप में अनुराग को भी गिरफ्तार कर लिया। अनुराग के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस जांच में मोहित और सुमित की संलिप्तता मोटरसाइकिल चोरी के अन्य मामलों में भी सामने आई। पूछताछ के आधार पर थाना कोतवाली क्षेत्र के दो मामलों तथा थाना सेक्टर-17 और एसजीएम नगर क्षेत्र के एक-एक मामले सहित कुल चार अन्य वारदातों का खुलासा हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर मेवला महाराजपुर से चार और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया की जानी थी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।