Faridabad/Alive News: शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच अब लोगों को पेट और पाचन संबंधी परेशानियां भी होने लगी हैं। बीके अस्पताल में इन दिनों पेट दर्द, अपच और पाचन संबंधी शिकायतें लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल के अनुसार, प्रतिदिन 50 से अधिक मरीज ऐसी समस्याओं को लेकर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदूषण का असर केवल फेफड़ों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि आंतों और लिवर की सेहत पर भी पड़ सकता है।
डॉ. अग्रवाल के अनुसार, प्रदूषित हवा में मौजूद बारीक कण शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव तनाव बढ़ा सकते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया का संतुलन बिगड़ने की आशंका रहती है। इससे पाचन संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं। उन्होंने लोगों को प्रदूषण अधिक होने पर सुबह-शाम बाहर टहलने से बचने, मास्क पहनने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी है। लगातार पेट दर्द या अपच होने पर डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए।

