Faridabad/Alive News: थाना सारन क्षेत्र में एटीएम से नकदी चोरी करने और मशीन उखाड़ने का प्रयास करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पलवल के मुंडकटी निवासी साहिल के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 27 नवंबर की रात थाना सारन क्षेत्र में एक एटीएम से छेड़छाड़ किए जाने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले में थाना सारन में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि 27 नवंबर की रात आरोपी साहिल अपने तीन अन्य साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर एटीएम से नकदी चोरी करने और मशीन उखाड़ने के इरादे से आया था। स्कॉर्पियो गाड़ी साहिल की थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में उसके अन्य साथियों की भूमिका और उनकी तलाश के संबंध में जांच कर रही है।

