Faridabad/Alive News: ऑनलाइन निवेश में मुनाफा कमाने का लालच देकर बल्लभगढ़ के एक व्यक्ति से 2,31,860 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में पुलिस ने जयपुर से एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के जयपुर निवासी दिग्विजय सिंह के रूप में हुई है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने यह कार्रवाई की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 3 अक्टूबर 2026 को उसकी बातचीत संगम डॉट कॉम पर एक युवती से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच टेलीग्राम पर बातचीत होने लगी। इस दौरान कथित युवती ने उसे ऑनलाइन निवेश के जरिए मुनाफा कमाने का लालच दिया। उसकी बातों में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 2,31,860 रुपये भेज दिए। ठगी का पता चलने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में जांच के दौरान पुलिस ने दिग्विजय सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खाताधारक है और उसके बैंक खाते में ठगी की रकम में से 80 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। आरोपी बीटेक पास है और जयपुर की एक निजी कंपनी में आईटी डेवलपर के रूप में काम करता है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

