Faridabad/Alive News: केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने सामाजिक न्याय, आर्थिक समानता और समावेशी विकास को मजबूत करने के लिए संविधान संशोधन किए हैं, जबकि कांग्रेस ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए संविधान में बार-बार बदलाव किए। वे पंडित एल.आर. कॉलेज, कबूलपुर में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि अब तक संविधान में 106 संशोधन हुए हैं, जिनमें 75 कांग्रेस शासनकाल में किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अनुच्छेद 356 का 88 बार इस्तेमाल कर विपक्ष शासित राज्य सरकारों को बर्खास्त किया। उन्होंने आपातकाल और 42वें संविधान संशोधन का भी उल्लेख करते हुए कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के हितों को मजबूत करने के साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और पंचतीर्थ के विकास को भी उन्होंने सरकार की उपलब्धियां बताया।
कार्यक्रम में एनआईटी विधायक सतीश कुमार फागना और बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने भी संविधान के महत्व और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर विचार रखे। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सोहल पाल सिंह सहित कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

