Faridabad/Alive News : बल्लभगढ़ खंड स्तरीय गीता जयंती प्रतियोगिता में करीब 40 सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-7 बल्लभगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में श्लोक उच्चारण, संवाद, निबंध, भाषण, प्रश्नोत्तरी और पेंटिंग प्रतियोगिताएं हुईं। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से गीता के संदेश और विचारों को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सतीश चौधरी, प्राचार्या सीमा गौतम, कमलेश शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी कुलदीप कुमार, नोडल अधिकारी योगेश राठी और समाजसेवी एवं शिक्षाविद् संत सिंह हुड्डा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कृष्ण-अर्जुन संवाद और गीता के संदेशों पर आधारित प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कक्षा 9 से 12 वर्ग की पेंटिंग प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीही की सोनम ने प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी पेंटिंग में गीता के संदेश को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। वहीं कक्षा 6 से 8 वर्ग में श्लोक उच्चारण में ऊंचा गांव की साक्षी, संवाद में मिर्जापुर के सक्षम-साहिल, निबंध में डीग की आकांक्षा, भाषण में समयपुर की संगीता, प्रश्नोत्तरी में सेक्टर-55 की अरायना, वंशिका और तन्वी तथा पेंटिंग में मॉडल संस्कृति विद्यालय बल्लभगढ़ की रिया विजेता रही।
कक्षा 9 से 12 वर्ग में श्लोक उच्चारण में सेक्टर-55 की तुलसी, संवाद में कन्या विद्यालय बल्लभगढ़ की अंजलि-सुष्मिता, निबंध में ऊंचा गांव के अरुण, भाषण में फतेहपुर बिल्लौच के निशांत और प्रश्नोत्तरी में लव, मुस्तकीम व जुगल किशोर विजेता रहे। सभी विजेताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी सतीश चौधरी ने कहा कि युवाओं को गीता से सही दिशा मिल सकती है। हर घर में गीता का अध्ययन होना चाहिए। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल ने भी अहम भूमिका निभाई।

