November 21, 2026

इलाज के दौरान परिजनों को भी मिलेगी राहत, बीके अस्पताल में बनेगा 10 करोड़ का विश्रामगृह

Faridabad/Alive News: अस्पताल में मरीज के इलाज के दौरान उनके परिजनों को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कभी जांच के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है तो कभी भर्ती मरीज के साथ रात गुजारने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है। बादशाह खान नागरिक अस्पताल (बीके) में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की इस परेशानी को दूर करने के लिए अब आधुनिक विश्रामगृह बनाया जाएगा। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को मुख्यालय से बजट की मंजूरी मिल गई है। अस्पताल परिसर में जिला प्रशिक्षण कार्यालय के पास इसके लिए जगह भी निर्धारित कर दी गई है।

सुबह से शाम तक अस्पताल में रुकते हैं परिजन

बीके अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब 2 हजार मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा लगभग 100 मरीज भर्ती रहते हैं। मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को डॉक्टर से परामर्श, जांच और उपचार के दौरान कई घंटे अस्पताल में बिताने पड़ते हैं। बैठने और आराम करने की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें इधर-उधर समय बिताना पड़ता है। वहीं, भर्ती मरीजों के साथ रात में रुकने वाले तीमारदारों को भी खुले स्थानों पर रात गुजारनी पड़ती है।

जच्चा-बच्चा के परिजनों को भी होगा फायदा

अस्पताल में बच्चे के जन्म के बाद महिलाओं को कम से कम तीन दिन भर्ती रखा जाता है। वहीं, नवजात को गहन देखभाल इकाई में भर्ती करने पर परिवार को कई दिनों तक अस्पताल आना-जाना पड़ता है। ऐसे परिवारों को भी विश्रामगृह बनने से ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। यहां पीने के पानी, पंखे और आराम करने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके रखरखाव और संचालन के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति भी की जाएगी।

क्या कहना है अधिकारी का

बीके अस्पताल परिसर में विश्रामगृह निर्माण के लिए मुख्यालय से बजट की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। टेंडर आवंटित होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

  • प्रकाशलाल, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, फरीदाबाद