November 21, 2026

जिले के 378 सरकारी स्कूलों में से अब तक 94 में ही पेयजल जांच की प्रक्रिया शुरू

Prabhjot Kour/Alive News

Faridabad: सरकारी स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई जांच की रफ्तार धीमी है। जिले के 378 सरकारी स्कूलों में से अब तक केवल 94 स्कूलों का ही पेयजल जांच के लिए रजिस्ट्रेशन हो पाया है। इनमें से 63 स्कूलों के पानी के सैंपल जांच के लिए जमा कराए गए हैं, जबकि केवल 31 स्कूलों की रिपोर्ट ही अब तक मिली है। ऐसे में जिले के अधिकांश सरकारी स्कूलों में पेयजल की गुणवत्ता जांचने का काम अभी बाकी है। वहीं, जिन स्कूलों की रिपोर्ट आ चुकी है, उनमें कितने सैंपल फेल हुए हैं, इसकी जानकारी भी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास उपलब्ध नहीं है।

उप जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र ने बताया कि गुरुवार तक 31 स्कूलों की जांच रिपोर्ट मिल चुकी थी और इन्हें एमआईएस पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। बाकी रिपोर्ट मिलने के बाद उन्हें भी पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। संबंधित एजेंसी रोजाना करीब 10 से 12 स्कूलों के पानी के सैंपल ले रही है। प्रत्येक सैंपल की जांच के लिए करीब 15 हजार रुपये फीस निर्धारित है। कुछ स्कूल एक ही परिसर में संचालित हैं और उनका पानी का स्रोत भी एक है। ऐसे में उनके लिए एक ही सैंपल लिया जाता है।

फेल सैंपलों का आंकड़ा भी नहीं

जांच रिपोर्ट मिलने के बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारी यह नहीं बता पा रहे हैं कि कितने स्कूलों के पानी के सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे। फरीदाबाद के बीईओ धीरज सिंह ने भी फेल सैंपलों की संख्या की जानकारी नहीं होने की बात कही। वहीं, बल्लभगढ़ के बीईओ सतीश चंद्र से संपर्क नहीं हो सका। ऐसे में पेयजल जांच की रिपोर्ट और उसकी स्थिति को लेकर विभागीय स्तर पर जानकारी जुटाने की जरूरत है।