Faridabad/Alive News: बीके नागरिक अस्पताल में रोजाना आने वाले 2 हजार से अधिक मरीजों और तीमारदारों को लिफ्ट की कमी के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल की दो बेड लिफ्ट 10 साल से अधिक समय से खराब पड़ी हैं, जबकि एकमात्र चालू लिफ्ट पर मरीजों, डॉक्टरों, कर्मचारियों और तीमारदारों का दबाव बना रहता है। अब इस समस्या से राहत दिलाने के लिए अस्पताल की दो बेड लिफ्ट और एक डंबवेटर लिफ्ट बदलने की प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) की ओर से 65.27 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है।
अस्पताल में लिफ्ट की कमी का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, गंभीर मरीजों और स्ट्रेचर पर लाए जाने वाले मरीजों पर पड़ रहा है। कई बार एक ही लिफ्ट के इंतजार में मरीजों और उनके परिजनों को काफी देर तक खड़ा रहना पड़ता है। अस्पताल में ओपीडी और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में एक लिफ्ट पर निर्भरता मरीजों की आवाजाही को प्रभावित कर रही है।
पहले टेंडर में नहीं मिली थी कंपनी
लिफ्ट बदलने के लिए इससे पहले भी लोक निर्माण विभाग की ओर से टेंडर जारी किया गया था, लेकिन किसी भी कंपनी ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। इस कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अब विभाग ने 65.27 लाख रुपये का टेंडर दोबारा जारी किया है। इसके माध्यम से निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा।
एजेंसी चयन के बाद शुरू होगा काम
नई लिफ्ट लगने के बाद मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को आवाजाही में राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर के साथ एकमात्र चालू लिफ्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। हालांकि, अभी टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और एजेंसी के चयन का इंतजार है। इसके बाद ही पुरानी लिफ्टों को बदलने का काम शुरू हो सकेगा।

