November 14, 2026

बच्चों के लिए टीचर्स ने सजाया मंच, गानों और नाटकों से बनाया चिल्ड्रन्स डे खास

Faridabad/Alive News: बच्चों को सालभर पढ़ाई और अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले टीचर्स ने इस बार उन्हें एक अलग तोहफा दिया। बाल दिवस पर स्कूल में पढ़ाई की जगह गाने, कविताओं और नाटकों की धूम रही। टीचर्स ने अपनी परफॉर्मेंस से बच्चों को हंसाया, भावुक किया और उनका खूब मनोरंजन किया। बच्चों ने भी तालियां बजाकर अपने टीचर्स का उत्साह बढ़ाया। बालाजी पब्लिक स्कूल में चिल्ड्रन्स डे पर यह खास आयोजन किया गया।

चौदह नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में स्पेशल असेंबली की जिम्मेदारी भी टीचर्स ने ही संभाली। मैनेजमेंट कमिटी की सदस्य संगीता फौजदार मुख्य अतिथि रहीं। प्रिंसिपल रंजना सोबती और वाइस प्रिंसिपल आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम हुआ।

एनटीटी स्टाफ ने कबीर के दोहे सुनाए। मनोज और अनुज ने कविता पेश की। तरुणा मैम ने ‘किसी की मुस्कुराहट पर हो निसार’ गीत सुनाकर सभी को भावुक कर दिया। प्रेम पांडे ने गीत प्रस्तुत किया, जबकि फीमेल स्टाफ ने ‘एक प्यार का नगमा है’ गाया। पीआरटी, टीजीटी स्टाफ और ड्रामा क्लब ने नाटक पेश किए। डांस क्लब की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।

मुख्य अतिथि संगीता फौजदार ने बच्चों को हिम्मत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्रिंसिपल रंजना सोबती ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार और आत्मविश्वास देना भी जरूरी है।