November 14, 2026

छतों से लेकर कृत्रिम तालाबों तक छठ पूजा की तैयारी

Faridabad/Alive News: लोकगीतों की गूंज, घरों में प्रसाद बनाने की तैयारी और पूजा के लिए सजते घाट। शहर में शनिवार को छठ पूजा का उत्साह देखने को मिला। पूर्वांचल समाज के लोगों ने घरों की छतों और आसपास के स्थानों पर पूजा की तैयारियां पूरी कीं। कहीं कृत्रिम तालाब बनाकर पानी भरा गया तो कहीं रबड़ और प्लास्टिक के बड़े टब की व्यवस्था की गई। रविवार को व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे।

शनिवार को खरना के अवसर पर व्रतियों ने दिनभर उपवास रखा। शाम को गुड़ वाली खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर परिवार और आसपास के लोगों में बांटा गया। वहीं, एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद, बड़खल, सूरजकुंड, बल्लभगढ़ और नहर पार के बाजारों में पूजा सामग्री खरीदने के लिए लोगों की भीड़ रही। घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत सुनाई देते रहे।

चार कुंडों में देंगे सूर्य को अर्घ्य

भोजपुरी अवधि समाज के चेयरमैन रामाशंकर तिवारी ने बताया कि उनके आयोजन में करीब चार से पांच हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए चार कुंड तैयार किए गए हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बाहर से कलाकार भी बुलाए गए हैं। अखिल भारतीय पूर्वांचल परिषद के अध्यक्ष बीके पांडेय ने बताया कि घाटों की तैयारी पूरी कर ली गई है। श्रद्धालु छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि और सभी के मंगल की कामना करेंगे।