November 14, 2026

आत्मिक ज्ञान से पहचानें अपना यथार्थ धर्म, नैतिकता और मानवता को जीवन में अपनाएं

सतयुग दर्शन वसुंधरा भूपानी स्थित ध्यानकक्ष, जहां समभाव और आत्मिक ज्ञान की शिक्षा दी जाती है।

Faridabad/Alive News: आधुनिक समय में विज्ञान और तकनीक ने जीवन को सुविधाजनक बनाया है, लेकिन इसके बावजूद समाज में अविश्वास, भ्रष्टाचार और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। सतयुग दर्शन ट्रस्ट का मानना है कि इन समस्याओं का एक बड़ा कारण आत्मिक ज्ञान की उपेक्षा और भौतिक ज्ञान को अधिक महत्व देना है।

फरीदाबाद स्थित ‘ध्यानकक्ष-समभाव-समदृष्टि का स्कूल’ के माध्यम से लोगों को आत्मिक ज्ञान, नैतिकता और मानवता का संदेश दिया जा रहा है। संस्थान के अनुसार, केवल भौतिक ज्ञान से व्यक्ति कुशल और सफल तो बन सकता है, लेकिन एक अच्छा इंसान बनने के लिए आत्मिक ज्ञान भी जरूरी है।

आत्मिक ज्ञान व्यक्ति को सही और गलत की पहचान करना सिखाता है। इससे मनुष्य में प्रेम, करुणा, ईमानदारी, विनम्रता और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। व्यक्ति जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को समान दृष्टि से देखना सीखता है।

संस्थान का मानना है कि यथार्थ धर्म का अर्थ केवल पूजा-पाठ या किसी संप्रदाय से जुड़ना नहीं है, बल्कि सत्य, मानवता, कर्तव्य और निस्वार्थ सेवा के मार्ग पर चलना है। भगवान श्रीराम के जीवन को भी इसी आदर्श का उदाहरण बताया गया है। उनके जीवन से सत्य, मर्यादा और सभी के प्रति समान भाव रखने की प्रेरणा मिलती है।

इसी उद्देश्य से ‘ध्यानकक्ष’ की स्थापना की गई है। यह फरीदाबाद के गांव भूपानी स्थित सतयुग दर्शन वसुंधरा में है। यहां बिना किसी जाति, धर्म या वर्ग के भेदभाव के सभी लोगों को आत्मिक ज्ञान की शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क दी जाती है।

संस्थान की ओर से समाज के लोगों से इस पहल से जुड़ने और आत्मिक ज्ञान के माध्यम से अपने जीवन में नैतिकता, समभाव और सद्भावना अपनाने की अपील की गई है। इसका उद्देश्य एक शांतिपूर्ण और बेहतर समाज का निर्माण करना है।