November 14, 2026

जेजेपी 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में करेगी जन-जन अधिकार रैली, भाजपा के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान

महेंद्रगढ़ में जेजेपी की जन-जन अधिकार रैली की तैयारियों को लेकर बैठक करते डॉ. अजय सिंह चौटाला और दुष्यंत चौटाला।

Chandigarh/Alive News: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) छह दिसंबर को पार्टी के स्थापना दिवस पर महेंद्रगढ़ में जन-जन अधिकार रैली करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने प्रदेशवासियों से रैली में शामिल होने और भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। शनिवार को डॉ. अजय सिंह चौटाला, पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने पानीपत में और महेंद्रगढ़ में रैली की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में दुष्यंत चौटाला ने भाजपा पर जनता का ध्यान महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से हटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा हर मुद्दे को धार्मिक रंग देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने भारतीय चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि आयोग स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर रहा है।

दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा की मंडियों में धान खरीद के दौरान गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि जेजेपी इस मामले को उठाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस कथित घोटाले की सीबीआई जांच की मांग प्रधानमंत्री के सामने रखेगी।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दुष्यंत ने आरोप लगाया कि भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच राजनीतिक रूप से मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के आम लोगों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से नहीं उठा रही है।

जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कार्यकर्ताओं से छह दिसंबर की रैली की तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।