Faridabad/Alive News: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा में ‘नशा मुक्त युवा- विकसित भारत’ अभियान के नौवें सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने रैली निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने रंगोली बनाई और नशा मुक्ति विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। खेलकूद प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद और खो-खो जैसे खेल करवाए गए।
स्वास्थ्य विभाग से पहुंचीं डॉ. नीरज ने विद्यार्थियों को बताया कि नशे की लत युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है। इससे याददाश्त और निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर देश के विकास में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम एनएसएस यूनिट-1 की प्रभारी एवं हिंदी पीजीटी सीमा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस अवसर पर डॉ. निखिल, रविंदर और दीपक भी मौजूद रहे। समापन पर स्वयंसेवकों को रिफ्रेशमेंट दी गई।

