November 9, 2026

पटाखे के रॉकेट ने उजाड़े एक दर्जन परिवारों के आशियाने, 5 घंटे तक धधकती रहीं झुग्गियां

मेवला महाराजपुर में दिवाली की रात 3 बजे हुआ हादसा, बच्चों को लेकर जान बचाने के लिए भागे लोग; दमकल की 10 से 12 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

Faridabad/Alive News: दीपावली की रात आसमान में रोशनी बिखेरने वाले पटाखे का एक रॉकेट कई परिवारों के लिए तबाही लेकर आया। मेवला महाराजपुर इलाके में देर रात करीब 3 बजे पटाखे से निकला रॉकेट एक झुग्गी पर जा गिरा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक दर्जन से ज्यादा झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलते ही झुग्गियों में रहने वाले परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों को लेकर जान बचाने के लिए बाहर भागे। इस दौरान कई परिवारों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की 10 से 12 गाड़ियों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

एक झुग्गी से शुरू हुई आग ने लिया विकराल रूप

दिवाली की देर रात करीब 3 बजे पटाखे से निकला रॉकेट मेवला महाराजपुर की झुग्गियों पर जा गिरा। इससे एक झुग्गी में आग लग गई। झुग्गियां एक-दूसरे से सटी होने और आसपास ज्वलनशील सामान रखे होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में एक दर्जन से ज्यादा झुग्गियां जलने लगीं। आग की लपटें देखकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

बच्चों को लेकर भागे, सामान नहीं बचा सके

आग लगते ही झुग्गियों में रहने वाले परिवारों ने सबसे पहले बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाला। कई लोगों ने घरों में रखा सामान बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें खाली हाथ ही बाहर निकलना पड़ा। आग बुझने के बाद झुग्गियों में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जल चुका था। हादसे के कारण कई परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

दिवाली की रात शहर में कई जगह लगी आग

मेवला महाराजपुर के अलावा दिवाली की रात पल्ला, सेक्टर-91, लक्कड़पुर, तिलपत, गाजीपुर, डबुआ चौक स्थित एक साइकिल स्टोर, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के सेक्टर-30-33 स्थित एक मकान की पहली मंजिल और सेक्टर-46 की झुग्गियों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। अलग-अलग स्थानों पर दमकल विभाग की टीमों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

10 से 12 दमकल गाड़ियों ने पांच घंटे में बुझाई आग

सेक्टर-31 फायर स्टेशन के कर्मचारी जोगेंद्र भड़ाना ने बताया कि मेवला महाराजपुर में आग की सूचना मिलते ही दमकल की 10 से 12 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। कर्मचारियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने और उसे आसपास की झुग्गियों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।