November 9, 2026

फरीदाबाद में 5 सब-हेल्थ सेंटर का निर्माण अटका, 2.75 करोड़ देने के बाद भी नहीं हुए टेंडर

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के शहरी क्षेत्र में बनने वाले 5 सब-हेल्थ सेंटरों का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो पाया है। नगर निगम की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं किए जाने के कारण यह काम अटका हुआ है। इन केंद्रों का निर्माण नगर निगम के शहरी स्थानीय निकाय विभाग के माध्यम से कराया जाना है।

स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक केंद्र के लिए 55 लाख रुपये के हिसाब से नगर निगम को कुल 2.75 करोड़ रुपये दे चुका है। इसके बावजूद अभी तक टेंडर जारी नहीं किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने दिसंबर 2025 में इन केंद्रों के निर्माण की घोषणा की थी।

इन केंद्रों के बनने से लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज और नियमित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए जा रहे हेल्थ सेंटरों का निर्माण कार्य जारी है।

बड़ौली, नीमका समेत 5 जगह बनने हैं केंद्र

शहर में बड़ौली, नीमका, लक्कड़पुर, भांखरी और तिलपत में सब-हेल्थ सेंटर बनाए जाने हैं। स्वास्थ्य विभाग निर्माण के लिए नगर निगम को राशि दे चुका है, लेकिन निगम की ओर से अभी तक टेंडर जारी नहीं किए गए हैं।

नगर निगम कमिश्नर अनिल यादव ने बताया कि अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

7 ग्रामीण हेल्थ सेंटरों का काम लगभग पूरा

स्वास्थ्य विभाग फरीदाबाद के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि शहरी क्षेत्र के सब-हेल्थ सेंटरों का निर्माण नगर निगम को कराना है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में हेल्थ सेंटरों का निर्माण कार्य चल रहा है।

गांव ताजुपुर, चांदपुर, बदरौला, ददसिया, अलीपुर, महावतपुर और डीग में हेल्थ सेंटरों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इन केंद्रों का काम दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

गर्भवती महिलाओं और बच्चों का भी होगा टीकाकरण

पांचों केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे निचली इकाई यानी सब-हेल्थ सेंटर (SHC) के रूप में विकसित किए जाएंगे। यहां मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इन केंद्रों पर सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार जैसी सामान्य बीमारियों का इलाज किया जाएगा। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और शिशुओं का टीकाकरण भी होगा।