November 9, 2026

फरीदाबाद में कंटेनर ट्रक रेलवे के मैकेनिकल इंजन से टकराया, 2 घायल

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के ग्रीनफील्ड इलाके में गुरुकुल के पास लक्कड़पुर इंडस्ट्रियल एरिया में देर शाम एक कंटेनर ट्रक रेलवे के मैकेनिकल इंजन से टकरा गया। हादसे में कंटेनर चालक और एक बाइक सवार घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों की हालत स्थिर है।

पुलिस के मुताबिक, कंटेनर पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया था। इसके बाद वह अनियंत्रित होकर आगे बढ़ा और प्लेसर इंडिया कंपनी के बाहर रेलवे ट्रैक पर खड़े मैकेनिकल इंजन से जा भिड़ा। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

पहले पेड़ से टकराया, फिर रेलवे इंजन से भिड़ा कंटेनर

जानकारी के अनुसार, देर शाम कंटेनर ट्रक लक्कड़पुर इंडस्ट्रियल एरिया से गुजर रहा था। इसी दौरान वह सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कंटेनर आगे बढ़ता हुआ प्लेसर इंडिया कंपनी के बाहर रेलवे ट्रैक पर खड़े मैकेनिकल इंजन से टकरा गया। टक्कर से कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

केबिन में फंसे चालक को लोगों ने बाहर निकाला

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। कंटेनर का केबिन क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक अंदर फंस गया था। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालने में मदद की। इस दौरान पास से गुजर रहा एक बाइक सवार भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गया। लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

प्लेसर इंडिया कंपनी के बाहर खड़ा था मैकेनिकल इंजन

ग्रीनफील्ड चौकी इंचार्ज तोताराम ने बताया कि ERV और डायल-112 की टीम के माध्यम से कंटेनर ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोग घायलों को अस्पताल पहुंचा चुके थे।

उन्होंने बताया कि प्लेसर इंडिया कंपनी भारतीय रेलवे के लिए काम करती है। यहां रेलवे ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव में इस्तेमाल होने वाले मैकेनिकल इंजन बनाए जाते हैं। हादसे के समय कंपनी के बाहर रेलवे ट्रैक पर एक इंजन खड़ा था, जिससे कंटेनर टकरा गया।

किसी पक्ष ने नहीं दी लिखित शिकायत

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने और जांच पूरी होने के बाद हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा।