Faridabad/Alive News: दीपावली पर आतिशबाजी का उत्साह कई लोगों के लिए दर्दनाक अनुभव बन गया। पटाखों से हुए हादसों के चलते दीपावली की रात बीके नागरिक अस्पताल में झुलसे मरीजों की भीड़ पहुंची। रविवार रात करीब 50 लोग पटाखों से जलने और चोट लगने के बाद उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे। इनमें दो से तीन मरीजों की हालत गंभीर थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर करना पड़ा। किसी के हाथ झुलसे तो किसी के चेहरे और पैरों पर चिंगारी से चोट आई। वहीं, पटाखों के धुएं और बारूद के कणों ने भी लोगों की सेहत पर असर डाला। आंखों में जलन, लालिमा और संक्रमण की शिकायत लेकर भी लोग अस्पताल पहुंचे। निजी अस्पतालों में भी पटाखों से घायल मरीजों का उपचार किया गया।
आतिशबाजी के दौरान बरती लापरवाही पड़ी भारी
अस्पताल पहुंचे मरीजों में कई ऐसे थे, जो पटाखे जलाते समय सुरक्षा का ध्यान नहीं रख पाए। कुछ लोगों ने हाथ में पटाखे जलाए तो कुछ चिंगारी की चपेट में आकर झुलस गए। गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली भेजना पड़ा। डॉक्टरों के अनुसार पटाखे जलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर चोट का कारण बन सकती है।
धुएं ने भी बढ़ाई लोगों की परेशानी
पटाखों का असर केवल उन्हें जलाने वालों तक सीमित नहीं रहा। आतिशबाजी से निकले धुएं और बारूद के महीन कणों के कारण आसपास मौजूद लोगों को भी आंखों में जलन, लालिमा और संक्रमण की शिकायत हुई। कई लोगों को परेशानी बढ़ने पर अस्पताल में उपचार कराना पड़ा।

