November 4, 2026

84 बोतल अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, XUV 300 जब्त

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने यमुना पुल के पास नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब की तस्करी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अंग्रेजी शराब की 84 बोतलें बरामद की हैं। शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा एक्सयूवी 300 गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना छांयसा की इंटर स्टेट नाका टीम मोहना-बागपुर रोड पर यमुना पुल के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से आ रही काले रंग की महिंद्रा एक्सयूवी 300 को रोककर तलाशी ली गई। गाड़ी में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं।

पुलिस ने गाड़ी में सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान सौरव चौधरी निवासी गांव ऐदलपुर और यश पाठक निवासी मालीपुरा, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे दिल्ली से शराब खरीदकर अलीगढ़ ले जा रहे थे।

पुलिस ने गाड़ी के चालक और मालिक सौरव चौधरी से शराब ले जाने का लाइसेंस और परमिट मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।

पुलिस ने कुल 84 बोतल शराब बरामद की हैं। इनमें रॉक फोर्ड की 45, ब्लेंडर्स प्राइड की 22, सिग्नेचर की 5 और इंपीरियल ब्लू की 12 बोतलें शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना छांयसा में हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।