November 4, 2026

दिन में धूप से गर्मी, सुबह-शाम ठंड का अहसास; 16 डिग्री तक गिरेगा पारा

Faridabad/Alive News: मौसम में बदलाव के साथ शहर में दिन और रात के तापमान का अंतर बढ़ने लगा है। दोपहर में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंडक रहने लगी है। ऐसे में लोगों ने अब कूलर और एसी का इस्तेमाल कम करना शुरू कर दिया है। सुबह जल्दी और देर शाम बाहर निकलने वाले लोग जैकेट और गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं।

बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने के कारण मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट से ठंडक महसूस हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों को सुबह और देर शाम सफर के दौरान गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की और गिरावट आने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। अगले दो दिनों तक आसमान साफ रहने और दिन में धूप निकलने का अनुमान है।