Faridabad/Alive News: त्योहारों के दौरान मिलावटी मिठाई तैयार किए जाने की सूचना पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने एनआईटी-1 और बड़खल क्षेत्र में दो जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम को करीब 10,300 किलो तैयार मिठाई मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रसगुल्ले और बीकानेरी बर्फी के कुल तीन सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
डीएसपी विवेक चौधरी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की। जांच के दौरान दोनों जगहों के संचालकों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के वैध लाइसेंस दिखाए। फिलहाल मिठाइयों में मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एनआईटी-1 की सोनम फूड फैक्ट्री में मिली 5 हजार किलो रसगुल्ले
टीम को सूचना मिली थी कि शहर में त्योहारों के दौरान मिलावटी रसगुल्ले और गुलाब जामुन तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद टीम ने एनआईटी-1 स्थित सोनम फूड फैक्ट्री में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान फैक्ट्री में रसगुल्ले और अन्य मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। मौके पर 20 ड्रम और टब में करीब 5,000 किलो तैयार रसगुल्ले रखे मिले।
फैक्ट्री संचालक अमरेश ने टीम को एफएसएसएआई का लाइसेंस दिखाया, जो 11 सितंबर 2031 तक वैध है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने रसगुल्लों के दो सैंपल लिए।
बड़खल में 5,300 किलो बीकानेरी बर्फी मिली
इसके बाद टीम ने बड़खल क्षेत्र में बुद्धि होटल के पीछे राजकुमार की दुकानों में चल रही बीकानेरी बर्फी की दुकान पर जांच की। यहां संचालक जितेंद्र सिंह मौजूद मिले। जांच के दौरान मौके पर करीब 5,300 किलो बीकानेरी बर्फी रखी मिली।
दुकान संचालक ने टीम को एफएसएसएआई का वैध लाइसेंस दिखाया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बर्फी का एक सैंपल लिया।
लैब रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से रसगुल्ले और बीकानेरी बर्फी के तीनों सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों स्थानों पर मिठाइयों में मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है।

