Faridabad/Alive News: फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए BS-6 मानक से नीचे के पेट्रोल और डीजल वाहनों के प्रवेश पर रोक के चलते पुलिस ने शहर के प्रमुख रास्तों पर नाकेबंदी शुरू कर दी है। बदरपुर बॉर्डर समेत दिल्ली जाने वाले कई रास्तों पर वाहनों की जांच की जा रही है। अब तक 15 प्रतिबंधित वाहनों को दिल्ली की सीमा से वापस लौटाया जा चुका है।
पुलिस ने सराय ख़्वाजा टोल, मीठापुर-दुर्गा बिल्डर एमसीडी टोल, सूरजकुंड-प्रह्लादपुर रोड, करणी सिंह शूटिंग रेंज रोड, मांगर-मेहरौली रोड, मांगर चुंगी, बसंतपुर पुस्ता रोड और इस्माइलपुर रोड पर नाके लगाए हैं। इसके अलावा दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर कैली की ओर उतरने से पहले बने यू-टर्न पर भी वाहनों की जांच की जा रही है।
नाका प्रभारी एएसआई पाल कुमार के अनुसार, दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के दस्तावेज और प्रदूषण मानकों की जांच की जा रही है। अब तक BS-3 और BS-4 मानक वाले 15 वाहनों को वापस भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए पुलिस की टीमें लगातार जांच कर रही हैं।
31 जनवरी 2027 तक लागू रहेंगे वाहन संबंधी प्रतिबंध
नए नियमों के अनुसार, 7 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक दिल्ली के बाहर पंजीकृत BS-6 से नीचे के पेट्रोल और डीजल वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। BS-6 मानक वाले पेट्रोल और डीजल वाहनों के साथ-साथ निर्धारित मानकों वाले सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहन दिल्ली में प्रवेश कर सकेंगे। हालांकि, BS-6 वाहनों के लिए भी वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUCC) होना अनिवार्य है। वैध प्रमाणपत्र नहीं होने पर इन वाहनों को भी प्रवेश में परेशानी हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में GRAP का दूसरा चरण लागू
दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 324 तक पहुंचने के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 2 नवंबर से पूरे एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का दूसरा चरण लागू कर दिया है। इसके तहत पहले चरण के उपाय भी जारी रहेंगे।
GRAP-2 लागू होने के बाद सड़कों की मशीनीकृत सफाई, पानी का छिड़काव और धूल कम करने वाले उपायों को बढ़ाया जाएगा। खासतौर पर अधिक यातायात वाले रास्तों पर एंटी-स्मॉग गन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य हवा में धूल और प्रदूषण के स्तर को कम करना है।
दिल्ली जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी, BS-6 से नीचे के वाहन लौटाए: फरीदाबाद में कई जगह पुलिस तैनात, अब तक 15 प्रतिबंधित वाहन वापस भेजे

