November 3, 2026

एनएचपीसी चौक पर वेटर से मारपीट कर मोबाइल छीना, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: एनएचपीसी चौक पर वेटर से मारपीट कर मोबाइल फोन छीनने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी अशोक और रायबरेली निवासी साहिल के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर की रात करीब 2 बजे गौतम राय काम खत्म करने के बाद दिल्ली-मथुरा रोड स्थित एनएचपीसी चौक पर ऑटो का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक और एक स्कूटी पर सवार चार युवकों ने उनके और साथियों के साथ मारपीट कर उनका मोबाइल छीन लिया था।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। साहिल को जेल भेज दिया गया है, जबकि अशोक दो दिन के पुलिस रिमांड पर है। अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।