November 2, 2026

एक-एक कर खराब हुईं एक्सरे मशीनें, बीके अस्पताल में सामान्य जांच ठप

Faridabad/Alive News: बीके नागरिक अस्पताल में एक्सरे जांच की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अस्पताल की पोर्टेबल और डिजिटल एक्सरे मशीनें पहले से खराब पड़ी थीं। अब सामान्य एक्सरे जांच के लिए इस्तेमाल होने वाली एकमात्र चालू मशीन भी पिछले करीब 15 दिनों से बंद है। ऐसे में अस्पताल में सामान्य मरीजों के एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। डॉक्टरों की सलाह पर जांच कराने पहुंच रहे मरीजों को बिना एक्सरे कराए लौटना पड़ रहा है या फिर निजी लैब में पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।

अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग के बाहर मशीन खराब होने का नोटिस भी चस्पा किया गया है। इससे मरीजों को पहले ही पता चल जाता है कि यहां सामान्य एक्सरे जांच नहीं हो सकेगी। अस्पताल में पहले प्रतिदिन करीब 100 मरीज एक्सरे कराने पहुंचते थे। इनमें हड्डियों में चोट, छाती और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान मरीज शामिल होते थे। मशीन खराब होने के कारण अब इन सभी को दूसरी जगह जांच कराने के लिए जाना पड़ रहा है। इससे सरकारी अस्पताल में कम खर्च पर जांच कराने की उम्मीद लेकर आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।

टीबी मरीजों के लिए जारी है जांच

सामान्य एक्सरे जांच बंद होने के बावजूद अस्पताल में कमरा नंबर 24 में संभावित टीबी मरीजों के चेस्ट एक्सरे किए जा रहे हैं। इन मरीजों की जांच अलग व्यवस्था के तहत जारी रखी गई है, ताकि टीबी की पहचान में देरी न हो। हालांकि, अन्य बीमारियों से संबंधित मरीजों को फिलहाल एक्सरे की सुविधा नहीं मिल पा रही है।

क्या कहना था कार्यकारी पीएमओ ने

अस्पताल की एक्सरे मशीन की जांच कंपनी के कर्मचारी कर चुके हैं। मशीन के कुछ पार्ट्स में खराबी सामने आई है। जल्द ही खराबी को ठीक करवाकर एक्सरे जांच की सुविधा दोबारा शुरू कर दी जाएगी।

  • डॉ. विकास गोयल, कार्यकारी पीएमओ, जिला अस्पताल